Wednesday, November 14, 2018

नेकी 💓

पिता और पुत्र साथ-साथ टहलने निकले,वे दूर खेतों की तरफ निकल आये, तभी पुत्र ने देखा कि रास्ते में, पुराने हो चुके एक जोड़ी जूते उतरे पड़े हैं, जो ...संभवतः पास के खेत में काम कर रहे गरीब मजदूर के थे.

पुत्र को मजाक सूझा. उसने पिता से कहा ~ क्यों न आज की शाम को थोड़ी शरारत से यादगार बनायें,आखिर ... मस्ती ही तो आनन्द का सही स्रोत है. पिता ने असमंजस से बेटे की ओर देखा.

पुत्र बोला ~ हम ये जूते कहीं छुपा कर झाड़ियों के पीछे छुप जाएं.जब वो मजदूर इन्हें यहाँ नहीं पाकर घबराएगा तो बड़ा मजा आएगा.उसकी तलब देखने लायक होगी, और इसका आनन्द मैं जीवन भर याद रखूंगा.

पिता, पुत्र की बात को सुन  गम्भीर हुये और बोले ~ बेटा ! किसी गरीब और कमजोर के साथ उसकी जरूरत की वस्तु के साथ इस तरह का भद्दा मजाक कभी न करना. जिन चीजों की तुम्हारी नजरों में कोई कीमत नहीं,
वो उस गरीब के लिये बेशकीमती हैं. तुम्हें ये शाम यादगार ही बनानी है, तो आओ .. आज हम इन जूतों में कुछ सिक्के डाल दें और छुप कर देखें कि ... इसका मजदूर पर क्या प्रभाव पड़ता है.पिता ने ऐसा ही किया और दोनों 
पास की ऊँची झाड़ियों में छुप गए.

मजदूर जल्द ही अपना काम ख़त्म कर जूतों की जगह पर आ गया. उसने जैसे ही एक पैर जूते में डाले उसे किसी कठोर चीज का आभास हुआ, उसने जल्दी से 
जूते हाथ में लिए और देखा कि ...अन्दर कुछ सिक्के पड़े थे.
 उसे बड़ा आश्चर्य हुआ और वो सिक्के हाथ में लेकर बड़े गौर से उन्हें देखने लगा.फिर वह इधर-उधर देखने लगा कि उसका मददगार शख्स कौन है ? दूर-दूर तक कोई नज़र नहीं आया, तो उसने सिक्के अपनी जेब में डाल लिए. अब उसने दूसरा जूता उठाया,  उसमें भी सिक्के पड़े थे. 

मजदूर भाव विभोर हो गया.
 वो घुटनो के बल जमीन पर बैठ ...आसमान की तरफ देख फूट-फूट कर रोने लगा. वह हाथ जोड़ बोला ~
हे भगवान् ! आज आप ही किसी रूप में यहाँ आये थे, समय पर प्राप्त इस सहायता के लिए आपका और आपके  माध्यम से जिसने भी ये मदद दी,उसका लाख-लाख धन्यवाद.
आपकी सहायता और दयालुता के कारण आज मेरी बीमार पत्नी को दवा और भूखे बच्चों को रोटी मिल सकेगी.तुम बहुत दयालु हो प्रभु ! आपका कोटि-कोटि धन्यवाद.

मजदूर की बातें सुन ... बेटे की आँखें भर आयीं. 
पिता ने पुत्र को सीने से लगाते हुयेे कहा ~क्या तुम्हारी मजाक मजे वाली बात से जो आनन्द तुम्हें जीवन भर याद रहता उसकी तुलना में इस गरीब के आँसू और 
 दिए हुये आशीर्वाद तुम्हें जीवन पर्यंत जो आनन्द देंगे वो उससे कम है, क्या ?

     पिताजी .. आज आपसे मुझे जो सीखने को मिला है, उसके आनंद को मैं अपने अंदर तक अनुभव कर रहा हूँ.
    अंदर में एक अजीब सा सुकून है.
आज के प्राप्त सुख और आनन्द को मैं जीवन भर नहीं भूलूँगा. आज मैं उन शब्दों का मतलब समझ गया
जिन्हें मैं पहले कभी नहीं समझ पाया था.आज तक मैं मस्ती-मजाक को ही वास्तविक आनन्द समझता था, पर आज मैं समझ गया हूँ कि ~

       लेने की अपेक्षा देना कहीं अधिक आनंददायीहै✍
जीवन का मूल्य
💙 💙 💙 💙 💙
एक राजा का जन्म दिन था । सुबह जब वह घूमने निकला तो उसने तय किया कि वह रास्ते में मिलने वाले सबसे पहले व्यक्ति को आज पूरी तरह से खुश व सन्तुष्ट करेगा ।
उसे एक भिखारी मिला । भिखारी ने राजा सें भीख मांगी तो राजा ने भिखारी की तरफ एक तांबे का सिक्का उछाल दिया । सिक्का भिखारी के हाथ सें छूट कर नाली में जा गिरा । भिखारी नाली में हाथ डालकर तांबे का सिक्का ढूंढने लगा ।
राजा ने उसे बुलाकर दूसरा तांबे का सिक्का दे दिया । भिखारी ने खुश होकर वह सिक्का अपनी जेब में रख लिया और वापिस जाकर नाली में गिरा सिक्का ढूंढने लगा ।
राजा को लगा कि भिखारी बहुत गरीब है । उसने भिखारी को फिर बुलाया और चांदी का एक सिक्का दिया ।
भिखारी ने राजा की जय-जयकार करते हुये चांदी का सिक्का रख लिया और फिर नाली में तांबे वाला सिक्का ढूंढने लगा ।
राजा ने उसे फिर बुलाया और अब भिखारी को एक सोने का सिक्का दिया ।
भिखारी खुशी से झूम उठा और वापिस भागकर अपना हाथ नाली की तरफ बढाने लगा ।
राजा को बहुत बुरा लगा । उसे खुद से तय की गयी बात याद आ गयी कि "पहले मिलने वाले व्यक्ति को आज खुश एवं सन्तुष्ट करना है ।"
उसने भिखारी को फिर से बुलाया और कहा कि मैं तुम्हें 1000 अशर्फियाॅ देता हूँ । अब तो खुश व सन्तुष्ट हो जाओ ।
भिखारी बोला - "सरकार ! मैं तो खुश और संतुष्ट तभी हो सकूँगा, जब नाली में गिरा हुआ तांबे का सिक्का भी मुझे मिल जायेगा ।"
हमारा हाल भी उस भिखारी जैसा ही है । हमें परमात्मा ने मानव रुपी अनमोल खजाना दिया है और हम उसे भूलकर संसार रुपी नाली में तांबे के सिक्के निकालने के लिए जीवन गंवाते जा रहे हैं । "इस अनमोल मानव जीवन का हम सही इस्तेमाल करें, हमारा जीवन धन्य हो जायेगा ।" निस्वार्थ भाव से सेवा करे। सब से मिल कर चले।
आत्मा को छूने वाली कथा

एक औरत अपने परिवार के सदस्यों के लिए रोज़ाना भोजन पकाती थी और एक रोटी वह वहाँ से गुजरने वाले किसी भी भूखे के लिए पकाती थी। वह उस रोटी को खिड़की के सहारे रख दिया करती थी, जिसे कोई भी ले सकता था।
एक कुबड़ा व्यक्ति रोज़ उस रोटी को ले जाता और बजाय धन्यवाद देने के अपने रस्ते पर चलता हुआ वह कुछ इस तरह बड़बड़ाता "जो तुम बुरा करोगे वह तुम्हारे साथ रहेगा और जो तुम अच्छा करोगे वह तुम तक लौट के आएगा।" दिन गुजरते गए और ये सिलसिला चलता रहा....
वो कुबड़ा रोज रोटी लेके जाता रहा और इन्ही शब्दों को बड़बड़ाता "जो तुम बुरा करोगे वह तुम्हारे साथ रहेगा और जो तुम अच्छा करोगे वह तुम तक लौट के आएगा।"
वह औरत उसकी इस हरकत से तंग आ गयी और मन ही मन खुद से कहने लगी कि "कितना अजीब व्यक्ति है, एक शब्द धन्यवाद का तो देता नहीं है, और न जाने क्या-क्या बड़बड़ाता रहता है, मतलब क्या है इसका।" एक दिन क्रोधित होकर उसने एक निर्णय लिया और बोली "मैं इस कुबड़े से निजात पाकर रहूंगी।"
और उसने क्या किया कि उसने उस रोटी में ज़हर मिला दिया जो वो रोज़ उसके लिए बनाती थी, और जैसे ही उसने रोटी को खिड़की पर रखने कि कोशिश की, कि अचानक उसके हाथ कांपने लगे और वह रुक गई ओर वह बोली "हे भगवन, मैं ये क्या करने जा रही थी.?" और उसने तुरंत उस रोटी को चूल्हे की आँच में जला दिया। एक ताज़ा रोटी बनायीं और खिड़की के सहारे रख दी। हर रोज़ कि तरह वह कुबड़ा आया और रोटी लेके, "जो तुम बुरा करोगे वह तुम्हारे साथ रहेगा, और जो तुम अच्छा करोगे वह तुम तक लौट के आएगा" बड़बड़ाता हुआ चला गया।
इस बात से बिलकुल बेख़बर कि उस महिला के दिमाग में क्या चल रहा है।
हर रोज़ जब वह महिला खिड़की पर रोटी रखती थी तो वह भगवान से अपने पुत्र कि सलामती और अच्छी सेहत और घर वापसी के लिए प्रार्थना करती थी, जो कि अपने सुन्दर भविष्य के निर्माण के लिए कहीं बाहर गया हुआ था। महीनों से उसकी कोई ख़बर नहीं थी।
ठीक उसी शाम को उसके दरवाज़े पर एक दस्तक होती है। वह दरवाजा खोलती है और भोंचक्की रह जाती है। अपने बेटे को अपने सामने खड़ा देखती है।
वह पतला और दुबला हो गया थे। उसके कपडे फटे हुए थे और वह भूखा भी था, भूख से वह कमज़ोर हो गया था।जैसे ही उसने अपनी माँ को देखा, उसने कहा- "माँ, यह एक चमत्कार है कि मैं यहाँ हूँ। आज जब मैं घर से एक मील दूर था, मैं इतना भूखा था कि मैं गिर गया। मैं मर गया होता।
लेकिन तभी एक कुबड़ा वहां से गुज़र रहा थे। उसकी नज़र मुझ पर पड़ी और उसने मुझे अपनी गोद में उठा लिया। भूख के मरे मेरे प्राण निकल रहे थे। मैंने उससे खाने को कुछ माँगा। उसने नि:संकोच अपनी रोटी मुझे यह कह कर दे दी कि- "मैं हर रोज़ यही खाता हूँ, लेकिन आज मुझसे ज़्यादा जरुरत इसकी तुम्हें है। सो ये लो और अपनी भूख को तृप्त करो।"
जैसे ही माँ ने उसकी बात सुनी, माँ का चेहरा पीला पड़ गया और अपने आप को सँभालने के लिए उसने दरवाज़े का सहारा लिया। उसके मस्तिष्क में वह बात घुमने लगी कि कैसे उसने सुबह रोटी में जहर मिलाया था, अगर उसने वह रोटी आग में जला कर नष्ट नहीं की होती तो उसका बेटा उस रोटी को खा लेता और अंजाम होता उसकी मौत और इसके बाद उसे उन शब्दों का मतलब बिलकुल स्पष्ट हो चूका था।
"जो तुम बुरा करोगे वह तुम्हारे साथ रहेगा और जो तुम अच्छा करोगे वह तुम तक लौट के आएगा।"
हमेशा अच्छा करो और अच्छा करने से अपने आप को कभी मत रोको, फिर चाहे उसके लिए उस समय आपकी सराहना या प्रशंसा हो या ना हो।
                      
                                                         प्रभु को धन्यवाद 
कमजोर बनाने वाली हर एक आवाज को अनसुना 👂करें! 

एक बार एक सीधे पहाड़ में चढ़ने की प्रतियोगिता हुई. बहुत लोगों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता को देखने वालों की सब जगह भीड़ जमा हो गयी. माहौल  में  सरगर्मी थी , हर तरफ शोर ही शोर था. प्रतियोगियों ने चढ़ना शुरू किया। लेकिन सीधे पहाड़ को देखकर भीड़ में एकत्र हुए किसी भी आदमी को ये यकीन नहीं हुआ कि कोई भी व्यक्ति ऊपर तक पहुंच पायेगा …

हर तरफ यही सुनाई देता …“ अरे ये बहुत कठिन है. ये लोग कभी भी सीधे पहाड़ पर नहीं चढ़ पाएंगे,

सफलता का तो कोई सवाल ही नहीं, इतने सीधे पहाड़ पर तो चढ़ा ही नहीं जा सकता और यही हो भी रहा था,

जो भी आदमी कोशिश करता, वो थोडा ऊपर जाकर नीचे गिर जाता, कई लोग दो -तीन बार गिरने के बावजूद अपने प्रयास में लगे हुए थे …पर भीड़ तो अभी भी चिल्लाये जा रही थी,
 ये नहीं हो सकता, असंभव और वो उत्साहित प्रतियोगी भी ये सुन-सुनकर हताश हो गए और अपना प्रयास धीरे धीरे करके छोड़ने लगे,
लेकिन उन्हीं लोगों के बीच एक प्रतियोगी था, जो बार -बार गिरने पर भी उसी जोश के साथ ऊपर पहाड़ पर चढ़ने में लगा हुआ था ….वो लगातार ऊपर की ओर बढ़ता रहा और अंततः वह सीधे पहाड़ के ऊपर पहुँच गया और इस प्रतियोगिता का विजेता बना.

 उसकी जीत पर सभी को बड़ा आश्चर्य हुआ, सभी लोग उसे घेर कर खड़े हो गए और पूछने लगे, तुमने ये असंभव काम कैसे कर दिखाया, भला तुम्हें अपना लक्ष्य प्राप्त करने की शक्ति कहाँ से मिली, ज़रा हमें भी तो बताओ कि तुमने ये विजय कैसे प्राप्त की ?
तभी  पीछे  से  एक  आवाज़  आई … अरे उससे क्या पूछते हो, वो तो बहरा है तभी उस व्यक्ति ने कहा कि हर नकारात्मक बात के लिए -

♥"मैं बहरा था, बहरा हूँ और बहरा रहूँगा"♥

दोस्तों ये कहानी हमें यही सिखाती है की आईये हम, हमें कमजोर बनाने वाली हर एक आवाज को अनसुना 👂करें और उसके प्रति बहरे 👂हो जाएँ तथा हर उस दृश्य के प्रति अंधे 😔हो जाएँ जो हमें सफलता के शिखर तक पहुँचने से रोकती
भाव से बड़ा कुछ नही__🌼🌼🌼

एक करोड़पति बहुत अड़चन में था। करोड़ों का घाटा लगा था, और सारी जीवन की मेहनत डूबने के करीब थी! नौका डगमगा रही थी। कभी चर्च  नहीं गया था, कभी प्रार्थना भी न की थी। फुरसत ही न मिली थी !

प्राथना  के लिए उसने पास्टर  रख छोड़े थे, कई  चर्च  भी बनवाये थे, जहां वे उसके नाम से नियमित प्राथना  किया करते थे लेकिन आज इस दुःख की घड़ी में कांपते हाथों वह भी चर्च  गया!

सुबह जल्दी गया, ताकि प्रभु  से पहली मुलाकात उसी की हो, पहली प्रार्थना वही कर सके। कोई दूसरा पहले ही मांग कर प्रभु  का मन खराब न कर चुका हो! बोहनी की आदत जो होती है, कमबख्त यहां भी नहीं छूटी....सो अल्-सुबह पहुंचा चर्च ।

लेकिन यह देख कर हैरान हुआ कि गांव का एक भिखारी उससे पहले से ही चर्च  में मौजूद था। अंधेरा था, वह भी पीछे खड़ा हो गया, कि भिखारी क्या मांग रहा है ? धनी आदमी सोचता है, कि मेरे पास तो मुसीबतें हैं; भिखारी के पास क्या मुसीबतें हो सकती हैं ?

 और भिखारी सोचता है, कि मुसीबतें मेरे पास हैं। धनी आदमी के पास क्या मुसीबतें होंगी? एक भिखारी की मुसीबत दूसरे भिखारी के लिए बहुत बड़ी न थी !

उसने सुना, कि भिखारी कह रहा है --हे प्रिय यीशु मसीह  ! अगर पांच रुपए आज न मिलें तो जीवन नष्ट हो जाएगा। आत्महत्या कर लूंगा। पत्नी बीमार है और दवा के लिए पांच रुपए होना बिलकुल आवश्यक हैं ! मेरा जीवन संकट में है !

अमीर आदमी ने यह सुना और वह भिखारी बंद ही नहीं हो रहा है; कहे जा रहा है और प्रार्थना जारी है ! तो उसने झल्लाकर अपने खीसे से पांच रुपए निकाल कर उस भिखारी को दिए और कहा - जा ये ले जा पांच रुपए, तू ले और जा जल्दी यहां से !

अब वह प्रभु  से मुखतिब हुआ और बोला -- प्रभु, अब आप ध्यान मेरी तरफ दें, इस भिखारी की तो यही आदत है। दरअसल मुझे पांच करोड़ रुपए की जरूरत है !”

प्रभु यशु  मुस्करा उठे बोले -- एक छोटे भिखारी से तो तूने मुझे छुटकारा दिला दिया, लेकिन तुझसे छुटकारा पाने के लिए तो मुझको तुमसे भी बढा भिखारी ढूंढना पड़ेगा ! तुम सब लोग यहां  कुछ न कुछ मांगने ही आते हो, कभी मेरी जरूरत का भी ख्याल आया है?

धनी आश्चर्यचकित हुआ बोला - प्रभु आपको क्या चाहिए?

प्रभु यशु मसीह  बोले - प्रेम ! मैं भाव का भूखा हूँ । मुझे निस्वार्थ प्रेम व समर्पित भक्त प्रिय है ! कभी इस भाव से मुझ तक आओ; फिर तुम्हे कुछ मांगने की आवश्यकता ही नही पड़ेगी !!


                                                                            जय मसीह की 
सकारात्मक सोच❤

एक राजा था जिसकी केवल एक टाँग और एक आँख थी। उस राज्य में सभी लोग खुशहाल थे क्यूंकि राजा बहुत बुद्धिमान और प्रतापी था।

एक बार राजा के विचार आया कि क्यों खुद की एक तस्वीर बनवायी जाये।फिर क्या था, देश विदेशों से चित्रकारों को बुलवाया गया और एक से एक बड़े चित्रकार राजा के दरबार में आये।राजा ने उन सभी से हाथ जोड़ कर आग्रह किया कि वो उसकी एक बहुत सुन्दर तस्वीर बनायें जो राजमहल में लगायी जाएगी।

सारे चित्रकार सोचने लगे कि राजा तो पहले से ही विकलांग है, फिर उसकी तस्वीर को बहुत सुन्दर कैसे बनाया जा सकता है ?ये तो संभव ही नहीं है और अगर तस्वीर सुन्दर नहीं बनी तो राजा गुस्सा होकर दंड देगा।यही सोचकर सारे चित्रकारों ने राजा की तस्वीर बनाने से मना कर दिया।

तभी पीछे से एक चित्रकार ने अपना हाथ खड़ा किया और बोला कि मैं आपकी बहुत सुन्दर तस्वीर बनाऊँगा जो आपको जरूर पसंद आएगी।फिर चित्रकार जल्दी से राजा की आज्ञा लेकर तस्वीर बनाने में जुट गया।काफी देर बाद उसने एक तस्वीर तैयार की जिसे देखकर राजा बहुत प्रसन्न हुआ और सारे चित्रकारों ने अपने दातों तले उंगली दबा ली।
उस चित्रकार ने एक ऐसी तस्वीर बनायीं  (जिसमें राजा एक टाँग पूरी तरह से दिखाई दे ऐसे घोड़े पर बैठा है,और एक आँख रानी साहिबा के लटक रहे झुल्फो से ढकी हुई है!) राजा ये देखकर बहुत प्रसन्न हुआ कि उस चित्रकार ने राजा की कमजोरियों को छिपाकर कितनी चतुराई से एक सुन्दर तस्वीर बनाई है।राजा ने उसे खूब इनाम एवं धन दौलत दी।

तो क्यों ना हम भी।दूसरों की कमियों को छुपाएँ,उन्हें नजरअंदाज करें और अच्छाइयों पर ध्यान दें।आजकल देखा जाता है कि लोग एक दूसरे की कमियाँ बहुत जल्दी ढूंढ लेते हैं चाहें हममें खुद में कितनी भी बुराइयाँ हों लेकिन हम हमेशा दूसरों की बुराइयों पर ही ध्यान देते हैं कि अमुक आदमी ऐसा है, वो वैसा है।

हमें नकारात्मक परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोचना
चाहिए और हमारी सकारात्मक सोच हमारी हर समस्यों को हल करती है.....

मिस्टर सेडो  पहली बार भारत आया था। भारतीय मूल का होने के कारण उसकी भारत में काफी दिलचस्पी थी और वह भारत के बारे में और अधिक जानने के इरादे से ही इस बार छुट्टियों में भारत आ पहुंचा और देहली के किसी पांच सितारा होटल में जा ठहरा था।

पांच सितारा होटल में हर बार अंदर जाते हुए या बाहर आते वक्त दरबान उसे जोर से सल्यूट लगा कर "गुड मार्निंग सर / गुड इवनिंग सर" करता था और सेडो  पाश्चात्य तौर-तरीक़ों के मुताबिक दरबान को ‘टिप्प' दे देता था। किसी रेस्तोरां में जाता तो वहां भी खाने के बाद वेटर को ‘टिप' देना नहीं भूलता था। कहीं भी शोपिंग करता तो थोड़े बहुत बकाया की परवाह किए बिना ही उन्हें ‘कीप दा चेंज' कहकर आगे बढ़ जाता।
होटल की तीसरी मंजिल के अपने कमरे से कभी बाहर झांकता तो शानदार होटल के लॉन, स्विमिंग पुल इत्यादि के बाद उसकी नजर ठीक सामने वाली झोपड़-पट्टी पर अटक जाती।
‘ये बस्ती यहाँ नहीं होनी चाहिए, इससे 'व्यू' का मजा किरकरा हो जाता है।' कई बार ऐसा सोचता था।

अपनी छुट्टियों का पूरा मजा ले रहा था वह। एक से एक बढ़िया रेस्टोरैंट में खाना खा रहा था। पंडारा रोड मार्किट के रेस्तोरां सेडो को प्रिय हो गए थे।

आज जाने क्यों उसके दिल में आया कि कार रूकवाकर सड़क के किनारे के एक खोखे पर चाय पी जाये। ‘यहाँ रोक लो तो चाय पी लें।' उसने सड़क के किनारे वाले एक खोखे की ओर संकेत करते हुए ड्राइवर से कहा।
‘सर यहाँ?' ड्राइवर ने आश्चर्य प्रकट किया।

‘हाँ यहीं।'

कार रूक गई। ‘दो चाय।'

‘नहीं, सरजी! आप लीजिए, मैं तो अभी पी कर आया हूँ।'

"साब के लिए एक अच्छी-सी चाय बनाओं, भाई ।" कहकर ड्राइवर कार में जा बैठा।

ड्राइवर को शायद ऐसी जगह चाय पीने में थोड़ी हिचकिचाहट महसूस हो रही थी। वो कोई आम ड्राइवर तो था नहीं। वो ठहरा इंडिया टूर वालों का ड्राइवर। वो ‘मिनिरल वाटर' पीने वाले विदेशियों को भारत घुमाया करता था और उनके साथ अच्छी जगहों पर चाय-पानी पीने का शौक रखता था।

चाय पीने के बाद सेडो ने सौ का नोट दीन-हीन से दिखाई देने वाले उस खोखे वाले को थमा दिया। खोखे वाला जब तक बाकी पैसे लेकर आता उससे पहले ही वो, ‘कीप दा चेंज' कहते हुए आगे बढ़ गया।
‘साब आपकी चेंज' खोखे वाला लगभग उसके पीछे भागता हुआ जोर से उसे आवाज लगा रहा था।

उसने पीछे मुड़े बिना, अपना हाथ इस अंदाज में हिलाया कि इसे रख लो।

खोखे वाला भागता हुआ अचानक उसके आगे आ खड़ा हुआ, ‘सर आपकी चेंज।'

‘तुम रख लो।'

खोखे वाले ने बढ़कर उसके हाथ में बकाया रेज़गारी थमाते हुए कहा, ‘बेटा हम मेहनत करके पैसा कमाते हैं। यूँ रेज़गारी रखकर अपने को शर्मिंदा नहीं करते। रेज़गारी लेनी होती तो सड़क पर बैठ भीख मांग रहे होते, चाय न बनाते यहाँ !‘ ...और चायवाला उसके हाथ में रेज़गारी रख, उसकी मुट्ठी बंद करके चला गया।

'गो टू होटल' उसने ड्राईवर से कहा और हक्का-बक्का अपनी कार में 'धम्म' से बैठ गया।

होटल आ गया था। दरबान ने गर्म जोशी से सलाम ठोका और टिप्प' पाने की अपेक्षा से उसकी ओर देखा।' सेडो  को दरबान जैसे नज़र ही नहीं आया वह अब भी उस चायवाले के बारे में सोच रहा था।
रिश्तों में सच्चाई|

हिंदी साहित्य में, सत्य और अर्ध सत्य शब्दों का बहुत महत्त्व है|अर्धसत्य उसे कहते हैं, जिसमे थोड़ा सत्य और थोड़ा असत्य हो|यह केवल मन को बहलाने वाला विचार है|सच में अगर झूठ मिला दो, तो वो सच नहीं रहता|जो सौ प्रतिशत सच है, वो ही सत्य की श्रेणी में आता है|रिश्ता वोही खरा होता है, जिसमे मिलावट न हो|जहां सच न हो, वहां छिपाने की आवश्यकता होती है|श्रेठ गीत में शुनेमिन कहती है--- मैं अपने प्रेमी की हूं, और मेरा प्रेमी मेरा है|अगर ये एक दूसरे के हैं, तो ये किसी और के नहीं हो सकते|आज रिश्तों में सच्चाई, बहुत बड़ा प्रश्न बना हुआ है|रिश्तों पर से, धीरे, धीरे विश्वास क्यों उठता जा रहा है|हमें किसी के कथन में बेईमानी की बदबू क्यों आती है|किसी शायर ने क्या ख़ूब कहा है---जादू है, तिलिस्म है, तुम्हारी जुबान में; तुम झूठ कह रहे थे, मुझे एतबार था|विश्वास टूटने पर कितनी, तकलीफ़ होती, ये तो टूटने वाला दिल ही जनता है|अगर इंसान आपसी रिश्तों के प्रति ईमानदार नहीं है, तो ईश्वर के प्रति ईमानदार कैसे रहेगा?भजन ७८.३७ में लिखा है---उनका ह्रदय परमेश्वर की ओर द्रढ़ ना था; ना वे उसकी वाचा के विषय, सच्चे थे|यह पद हमें, अपने गिरेबान में झांक देखने को मज़बूर करता है|अल्फाज़ों ने अपनी सच्चाई खो दी हैं, क्योंकि इंसान झूठा है|गिरगिट की तरह रंग बदलना, जीने की कला बन गया है|आज माहिर उसे कहते हैं; जो बड़ी सफाई से झूठ बोलता है|हम किस ओर  जा रहे हैं, ये चिंतन का विषय है|